लंदन।बुकायो साका के पेनल्टी शूटआउट चूकते ही वेंबली स्टेडियम में इंग्लिश फैंस के बीच सन्नाटा पसर गया। इंग्लैंड का पहला यूरो कप खिताब जीतने का ख्वाब अधूरा रह गया और ट्रोफी इटली (Italy Win UEFA Euro 2020) के साथ रोम चली गई। इंजरी टाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर था और फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ, जहां इटली ने 3-2 से इंग्लैंड (Italy Beat England) को हराकर ट्रोफी पर कब्जा जमा लिया।
5 दशक से ज्यादा का समय लगा
इटली की टीम ने यूएफा यूरो कप जीतने का सपना फिर साकार किया है। हालांकि, यूरो कप का दूसरा खिताब जीतने के लिए इटली की टीम को एक या दो दशक नहीं, बल्कि 5 दशक से ज्यादा का समय लगा है। 1968 के बाद पहली बार इटली की टीम यूरोपियन चैंपियनशिप की विनर बनी है। यूरो कप 2020 की चैंपियन टीम का ऐलान रविवार को हो गया है, जिसमें इटली की टीम ने बाजी मारी है।
इटली का जश्न देखते बन रहा था
हजारों की संख्या में इंग्लैंड को चीयर करने पहुंचे फैंस की आंखों में आंसू थे, खिलाड़ी मायूस थे। दूसरी ओर, इटली का जश्न देखते बन रहा था। इंग्लैंड के स्टार कप्तान हैरी केन और स्टार्लिंग का जादू नहीं चला और आक्रामक तेवर के साथ खेल रही इटली ने अपना दूसरा यूरो कप खिताब जीत लिया। उसने इससे पहले 1968 में ट्रोफी जीती थी। यही नहीं, इटली का यह लगातार 34वां अजेय मैच भी रहा।
इटली और इंग्लैंड के बीच खेला गया ये मुकाबला निर्धारित समय और फिर अतिरिक्त टाइम में 1-1 से बराबरी पर रहा। ऐसे में नतीजा निकालने के लिए शूटआउट का सहारा लिया गया और इस शूटआउट में इटली ने 3-2 से बाजी मार ली। 55 साल पहले विश्व कप जीतने के बाद से इंग्लैंड अपने पहले बड़े फाइनल में हारकर वेम्बली की भीड़ के लिए दिल दहला देने वाला था। इंग्लैंड की टीम ने लंबे समय से कोई ट्रॉफी नहीं जीती है।
पेनल्टी शूटआउट का रोमांच
इंजरी टाइम तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद पेनल्टी शूट आउट का पहला शॉट इंग्लिश कप्तान हैरी केन ने लिया और गेंद जाल में उलझा दी। इसके बाद इटली के डॉमेनिको बेरार्डी ने भी गोल दागने में कामयाबी हासिल की। इंग्लैंड के हैरी मैग्यूरे ने भी गोल दागा, जबकि इटली के आंद्रे बेलोटी चूक गए। इंग्लेंड के पास 2-1 की बढ़त थी, लेकिन इसके बाद इटली के लिए बुनाची और फेडेरिको ने दनादन गोल दागते हुए 3-2 का अंतर कर दिया। दूसरी ओर, इंग्लैंड के मार्कस रशफोर्ड, जादोन सांचो और बुकायो साका ऐसा करने में असफल रहे।