Breaking News

लखनऊ के शुभांशु शुक्ला एक्सिओम-4 मिशन पर रवाना, परिजनों ने जताया गर्व

25 जून 2025: लखनऊ के रहने वाले और भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष की ऐतिहासिक यात्रा पर रवाना हो गए हैं। इस मिशन के साथ वह इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) का दौरा करने वाले पहले भारतीय बनेंगे और 1984 में राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बन जाएंगे।

भारत के लिए गौरवपूर्ण क्षण

शुभांशु शुक्ला अमेरिका के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च हुए एक्सिओम-4 मिशन का हिस्सा हैं। इस मिशन में उनके साथ तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री भी शामिल हैं। यह यान नासा के प्रसिद्ध लॉन्चपैड 39ए से रवाना हुआ। अंतरिक्ष यान के करीब 28 घंटे की यात्रा के बाद गुरुवार शाम 4:30 बजे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से डॉक करने की उम्मीद है।

यह मिशन भारत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, जो देश की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ रहा है।

परिजनों की आंखों में गर्व और आशीर्वाद

शुभांशु शुक्ला की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों ने खुशी और गर्व का इज़हार किया है। उनके पिता ने कहा, “हमें अपने बेटे पर बहुत नाज़ है। उसकी वजह से आज हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उसका मिशन सफल हो और वह सुरक्षित लौटे। मुझे पूरा विश्वास है कि शुभांशु का मिशन जरूर पूरा होगा।”

शुभांशु की मां ने भावुक होकर कहा, “मैं अपनी खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकती। इस पल का हमें बेसब्री से इंतजार था। आज पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है। सभी लोग उसे शुभकामनाएं दे रहे हैं।”

उनकी बहन शुचि मिश्रा ने भी अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा, “हम सब भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि उन्हें इस मिशन में सफलता मिले। उन्होंने यहां तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है, और हमें पूरा भरोसा है कि वह सफल होकर लौटेंगे।”

एक प्रेरणादायक यात्रा की शुरुआत

शुभांशु शुक्ला का यह मिशन न सिर्फ विज्ञान और तकनीक की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा। राकेश शर्मा के बाद किसी भारतीय का अंतरिक्ष में जाना एक ऐतिहासिक अवसर है और पूरे देश की निगाहें अब इस मिशन की सफलता पर टिकी हैं।

Check Also

May 2024 Biyani Times Newspaper