शिवपुरी (विपिन शुक्ला)।
देश के तीन प्रशिक्षण केंद्रों में से एक मध्य प्रदेश के शिवपुरी में स्थित सीआइएटी (काउंटर इंसरजेंसी एंटी टेररिस्ट) प्रशिक्षण केंद्र में देश की पहली महिला कमांडो की टीम तैयार की जा रही है। देशभर से चयनित इन 582 महिला सैनिकों की 238वीं बटालियन को यहां कठोर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह विशेष प्रशिक्षण आठ हफ्ते चलेगा। बाद में प्रशिक्षण के मानकों पर खरी उतरने वाली महिला सैनिकों को कमांडो घोषित किया जाएगा। यहां से तैयार हुई देश की पहली महिला कमांडो की यह टीम नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात की जाएगी।
महिला सैनिकों को कमांडो बनाने के लिए हूबहू एनएसजी कमांडो की तरह 26 जून से जटिल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सीआइएटी शिवपुरी के प्राचार्य (पुलिस उप महानिरीक्षक) आरएस चौहान का कहना है कि देशभर से चयनित 582 महिला सैनिकों को आठ हफ्ते का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में सफल होने के बाद देश की पहली महिला कमांडो को दुश्मनों का सामना करने के लिए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जाएगा।
सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक करीब 15 घंटे विभिन्न तरह के प्रशिक्षणों के जरिए इन्हें शारीरिक व मानसिक रू प से सशक्त बनाया जा रहा है। इस दौरान पर्वतारोहण, उफनते नालों को पार करने का हुनर, जंगल की हर परिस्थिति में दुश्मन का सामना करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही हर तरह के हथियार चलाने में पारंगत भी किया जा रहा है। आठ हफ्ते के इस प्रशिक्षण से पहले राजस्थान के अजमेर में इन्हें बुनियादी प्रशिक्षण दिया जा चुका है।