Breaking News
Home / News / India / भारत ने पूर्वी लद्दाख में बनाई दुनिया की सबसे ऊंची सड़क

भारत ने पूर्वी लद्दाख में बनाई दुनिया की सबसे ऊंची सड़क

तानिया शर्मा

भारत ने पूर्वी लद्दाख में दुनिया की सबसे ऊंची सड़क का निर्माण किया है। पूर्वी लद्दाख के उमलिंगला पास से होकर जाने वाली इस सड़क की समुद्र तल से ऊंचाई 19,300 फीट है। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। इससे पहले दुनिया की सबसे ऊंची सड़क बोलिविया में थी। यहां उतुरुंसू ज्वालामुखी के पास स्थित सड़क की समुद्र तल से ऊंचाई 18,953 फीट है।

इस सड़क के बन जाने से

अब उमलिंगला पास एक ब्लैक टॉप रोड से जुड़ गया है। 52 किलोमीटर लंबी यह सड़क पूर्वी लद्दाख के चुमार सेक्टर के महत्वपूर्ण कस्बों को जोड़ती है। सरकार के अनुसार यह सड़क स्थानीय लोगों के लिए एक वरदान की तरह साबित होगी क्योंकि यह लेह से चिसुमले और डेमचोक को जोड़ने वाला एक वैकल्पिक और सीधा मार्ग उपलब्ध कराएगी।

लद्दाख में पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

यह सड़क 52 किलोमीटर लंबी है और उमलिंगला पास के जरिए पूर्वी लद्दाख के चुमार सेक्टर को जोड़ती है। यह सड़क स्थानीय लोगों के लिए काफी लाभदायक होगी। वजह, यह चिसुम्ले और डेमचॉक को लेह से जोड़ने के लिए वैकल्पिक रास्ता देती है। इस सड़क के बनने के बाद लद्दाख की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और यहां पर पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस सड़क को बनाने में बीआरओ को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान खराब मौसम से भी लगातार जूझना पड़ा है। ठंड के मौसम में यहां पर तापमान माइनस 40 डिग्री तक नीचे चला जाता था। साथ ही सामान्य जगहों पर भी ऑक्सीजन लेवल में 50 फीसदी की गिरावट आ जाती थी।

माउंट एवरेस्ट से भी ज्यादा ऊंचाई 

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि बीआरओ ने यह उपलब्धि खराब मौसम से जूझते हुए अपनी संकल्पशक्ति के बल पर हासिल किया है। अगर ऊंचाई की बात करें तो यह सड़क नेपाल में माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप से भी ज्यादा ऊंचाई पर है। नेपाल में माउंट एवरेस्ट का दक्षिणी बेस कैंप 17,598 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। जबकि तिब्बत में स्थित उत्तरी बेस कैंप 16,900 फीट की ऊंचाई पर है। वहीं सियाचिन ग्लेशियर से भी यह काफी ऊंचा है, जो कि 17,700 फीट की ऊंचाई पर है। इसके अलावा लेह में स्थित खारदुंग ला पास की बात करें तो उसकी भी ऊंचाई केवल 17,582 फीट ही है।

Check Also

बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में होली सेलिब्रेशन का हुआ आयोजन

Share this on WhatsAppराइटर : अनुष्का शर्मा जयपुर। विद्याधर नगर स्थित बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज …

Gurukpo plus app
Gurukpo plus app