भारत-जापान सांस्कृतिक संवाद को मिली नई उड़ान, ओरिएंटेशन प्रोग्राम में जापानी विद्यार्थियों का स्वागत; जयपुर दर्शन से शुरू होगी संस्कृति, शिक्षा और परंपराओं को जानने की यात्रा
बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेजस में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सामूहिक गणेश पूजन के साथ “ग्लोबल यूनिटी थ्रू लर्निंग आर्ट, लैंग्वेज एंड कल्चर थ्रू बियानी – एक्सचेंज प्रोग्राम” की औपचारिक शुरूआत हुई । इस अवसर पर जापान से आए प्रतिनिधियों एवं बियानी के स्टाफ सदस्यों ने एक साथ गणेश पूजन कर कार्यक्रम की मंगल शुरुआत की। गुलाबी कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और जापान के विद्यार्थियों के बीच संस्कृति, परंपराओं, शिक्षा और जीवनशैली को समझने तथा आपसी संवाद एवं अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करना है। कार्यक्रम की शुरुआत ओरिएंटेशन एवं उद्घाटन सत्र से हुई, जिसमें जापानी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपना परिचय देते हुए अपनी रुचियों और पसंद के बारे में बताया तथा भारत आने के अपने अनुभव साझा किए।
कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. संजय बियानी ने जापानी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह एक्सचेंज प्रोग्राम उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों को करीब से समझने का अवसर देगा। उन्होंने इस पहल के लिए पूरी टीम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “बियानी में विद्यार्थियों को घर जैसा माहौल, हरसंभव सहयोग और भारतीय संस्कृति को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।”
रिसर्च एंड डेवलपमेंट डायरेक्टर डॉ. मनीष बियानी ने कहा कि गुलाबी एक्सचेंज प्रोग्राम भारत-जापान के युवाओं को संस्कृति, शिक्षा, तकनीक और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि जापान में बढ़ती उम्रदराज आबादी और श्रमबल की कमी तथा भारत में उपलब्ध युवा मानव संसाधन को देखते हुए कौशल विकास, रोजगार और तकनीकी सहयोग दोनों देशों के लिए नए अवसर पैदा कर सकता है। असिस्टेंट डायरेक्टर सीए अभिषेक बियानी एवं सीए साक्षी बियानी ने कहा कि राजस्थान अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, कला और विरासत के लिए विश्वभर में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि गुलाबी के दौरान जापानी विद्यार्थियों के लिए राजस्थान का अनुभव गुलाबी रंग की तरह खूबसूरत, जीवंत, संस्कृतिपूर्ण और ज्ञानवर्धक रहेगा।
असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. राधिका बियानी डागा ने बताया कि गुलाबी एक्सचेंज प्रोग्राम में जापानी विद्यार्थियों को जयपुर दर्शन, होमस्टे, हिंदी, योग- मेडिटेशन, राजस्थानी लोकनृत्य एवं भारतीय विद्यार्थियों के साथ संवाद के माध्यम से भारतीय संस्कृति से जोड़ा जाएगा तथा बियानी टीवी, रेडियो सेल्फी और बियानी टाइम्स से मीडिया की जानकारी दी जाएगी। प्लेसमेंट हेड डॉ. स्मृति तिवाड़ी ने बताया कि कार्यक्रम में रीको व औद्योगिक भ्रमण, पुष्कर-किशनगढ़ यात्रा, मार्बल इंडस्ट्री अनुभव, जापान में उच्च शिक्षा-करियर सेमिनार और BICON-2026 में सहभागिता भी होगी।