जयपुर, 5 सितंबर 2026। बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन बड़ी धूमधाम एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं उनके योगदान को सराहना प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के पुष्प स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के प्रबंधन की उपलब्धियों की झलकियां प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम में चेयरमैन डॉ. राजीव बियानी, डायरेक्टर डॉ. संजय बियानी, डीन एवं प्रिंसिपल डॉ. ध्यान सिंह गोठवाल, असिस्टेंट डायरेक्टर सीए अभिषेक बियानी, सीए साक्षी बियानी सहित सभी फैकल्टी मेंबर्स उपस्थित रहे।
इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. राजीव बियानी ने कहा कि शिक्षक दिवस शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए सम्मान का विशेष अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों का सम्मान करने, सभी का अभिवादन करने और अपनी गलतियों को स्वीकार कर उन्हें दोबारा न दोहराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक जीवन की चुनौतियों का सामना करना सिखाते हैं और सपनों को पूरा करने के लिए जीवन में निरंतरता व अनुशासन आवश्यक है।
कॉलेज के निदेशक डॉ. संजय बियानी ने स्वागत उद्बोधन में सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा भाव और आभार से आगे बढ़ती है तथा आभार ही हमारी वास्तविक ताकत है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को जीवन में आभार की भावना अपनाने और दूसरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में कॉलेज के विभिन्न विभागों की छात्राओं ने अपने शिक्षकों के व्यक्तित्व एवं विशेषताओं के अनुरूप आकर्षक और मनोरंजक टाइटल प्रदान किए। छात्राओं ने शिक्षकों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया, जिससे समारोह का माहौल खुशनुमा और यादगार बन गया। इस दौरान शिक्षकों और छात्राओं के बीच आत्मीयता एवं उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान बियानी गर्ल्स कॉलेज, लॉ कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, बी.एड. कॉलेज, विज्ञान, आईटी, कॉमर्स, ह्यूमैनिटीज (सोशल साइंसेज एवं बीवीए) तथा डिजाइनिंग (फैशन डिजाइनिंग एवं बीजेएमसी) विभागों की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों की झलकियां भी प्रस्तुत की गईं।
कार्यक्रम के अंत में डीन एवं प्रिंसिपल डॉ. ध्यान सिंह गोठवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता और शिक्षक ही विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि सीखने और ज्ञान प्राप्त करने के लिए कक्षा-कक्ष से बेहतर स्थान कोई नहीं है।
शिक्षक दिवस समारोह ने शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच सम्मान, स्नेह एवं आपसी जुड़ाव की भावना को और मजबूत किया।